Skip to main content

गाजियाबाद: छह महीने में शुरू होगा एलिवेटेड रोड के विस्तार का काम

एलिवेटेड रोड
एलिवेटेड रोड 
राजनगर एक्सटेंशन से यूपी गेट तक बनी देश की सबसे लंबी सिंगल पिलर एलिवेटेड रोड के डीएनडी तक विस्तार की कवायद तेज हो गई है। उम्मीद है कि छह महीने में विस्तार का काम शुरू हो जाएगा। जीडीए की ओर से पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर एलिवेटेड रोड का विस्तार किया जाएगा। एलिवेटेड रोड के अलाइनमेंट व डीएनडी के पास बनने वाले जंक्शन को एनसीआरटीसी, नोएडा प्राधिकरण और पीडब्ल्यूडी की मंजूरी मिल चुकी है। ऐसे में जीडीए ने प्रोजेक्ट का रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) तैयार करने को सलाहकार की नियुक्ति कर दी है। 
सलाहकार फर्म की ओर से तीन माह में प्रोजेक्ट की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद पीपीपी मॉडल पर प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। नोएडा प्राधिकरण की ओर से प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए ग्रीन सिग्नल मिलने के संकेत के बाद जीडीए ने इस पर कार्रवाई शुरू की है। एलिवेटेड रोड का विस्तार हिंडन कैनाल बैंक से होते हुए पहले चिल्ला रेगुलेटर और फिर डीएनडी तक किया जाना प्रस्तावित है। विस्तार में 6.9 किमी लंबे छह लेन की एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाना है।

जीडीए अधिकारियों की ओर से नोएडा सेक्टर-18 व महामाया स्टेडियम तक जाने वाली एलिवेटेड रोड और अक्षरधाम से शुरू होने वाले दिल्ली-सहारनपुर हाइवे को जोड़ने के लिए एलिवेटेड रोड से ही एक घुमावदार लूप के निर्माण को नक्शे में शामिल करने का सुझाव दिया गया था। जिसे एनसीआरटीसी, नोएडा प्राधिकरण और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की कमेटी बैठक में मंजूर कर चुकी है। इससे नोएडा सेक्टर-18 और अक्षरधाम से शुरू हो रहे दिल्ली-सहारनपुर हाइवे से पश्चिमी यूपी तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा। 

एलिवेटेड रोड विस्तार में यूपी गेट पर बनेगी अप रैंप

एलिवेटेड रोड फेज-1 प्रोजेक्ट में राजनगर एक्सटेंशन के करहेड़ा से शुरू होने वाली सड़क  यूपी गेट पर जाकर खत्म हो रही है। यहां डाउन रैंप के जरिए दिल्ली और फिर नोएडा की ओर जाया जा सकता है। नए विस्तार के प्रोजेक्ट में एलिवेटेड रोड पर डाउन रैंप से उतरने के बाद उस पर चढ़ने के लिए अप रैंप का निर्माण किया जाएगा।

विस्तार के बाद दिल्ली-सहारनपुर हाइवे से होगी कनेक्टिविटी

एलिवेटेड रोड के विस्तार के प्रोजेक्ट में डीएनडी से पहले एक लूप (घुमावदार सड़क) का निर्माण कर अक्षरधाम से शुरू हो रहे दिल्ली-सहारनपुर हाइवे से कनेक्टिविटी दी जाएगी। 32 किमी लंबा दिल्ली-सहारनपुर हाइवे से एनएच-9, दिल्ली-सहारनपुर हाइवे व ईस्टर्न पेरिफेरल आपस में जुड़ने है। ऐसे में एलिवेटेड रोड से दिल्ली-सहारनपुर हाइवे के लिए सीधा लूप मिलने से सीधे लोनी, फिर बागपत के खेकड़ा, ईस्टर्न पेरिफेरल-वे और फिर बागपत, सहारनपुर, शामली, मेरठ आदि जिलों तक आसानी से कम समय में पहुंचा जा सकेगा।

एलिवेटेड रोड विस्तार के प्रोजेक्ट को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर विकसित करने की योजना है। आरएफपी तैयार करने के लिए सलाहकार फर्म की नियुक्ति कर दी गई है। तीन माह में प्रस्ताव तैयार होने के बाद आवेदन मांगे जाएंगे- कंचन वर्मा, उपाध्यक्ष, जीडीए

Comments

Total Pageviews

Followers